Lakhimpur Kheri News: अस्पताल से सिपाही को धक्का देकर भागा छेड़खानी का आरोपी, मुठभेड़ में गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी में मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लाए गए छेड़खानी के आरोपी ने सिपाही को धक्का दे दिया और भाग गया। पुलिस ने शुक्रवार रात उसे मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है।

आरोपी ने सिपाही को दिया धक्का

लखीमपुर खीरी में पॉक्सो एक्ट में पकड़े गए आरोपी रिजवान को लेकर कोतवाली पुलिस मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल पहुंची। यहां उसने सिपाही को धक्का दिया और भाग गया। आरोपी रिजवान के भाग जाने की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आई और आरोपी की तलाश में जुट गई।

इसी दौरान लखपेड़ागंज-खडंजा मार्ग पर उसे घेर लिया। बताया जा रहा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर पर गोली लगी है। उसका इलाज कराया जा रहा है।

मुठभेड़ में गिरफ्तार, लगी गोली

लखीमपुर खीरी जिले के सेहरुआ गांव निवासी रिजवान अली पर एक किशोरी से छेड़खानी करने का आरोप था। इस मामले में उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था, उसके खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी को कोर्ट में पेश करने से पहले मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल ले गई। इसी दौरान सिपाही को धक्का देकर आरोपी भाग गया। आरोपी के फरार हो जाने के बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र के अलावा स्वाट टीम को तलाश में लगा दिया।

आरोपी ने तमंचे से किया फायर

पुलिस ने मुखिबर की सूचना पर सेवढ़ा लखपेड़ागंज के पास खडंजा मार्ग पर आरोपी रिजवान को घेर लिया। पुलिस को सामने देख और खुद को चारों तरफ से घिरा हुआ देख कर रिजवान ने तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली जा लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान घटना में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ है। कोतवाली पुलिस ने शहर कोतवाल की तहरीर पर आरोपी रिजवान अली के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

Leave a Comment