लखीमपुर खीरी के धौरहरा कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना कलुआपुर सिसैया पेट्रोल पंप के सामने हुई। बताया जा रहा है कि युवक तेज रफ्तार बस पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गया।
युवक की मौके पर मौत
बताया जा रहा है कि युवक बस में चढ़ने की कोशिश कर रहा था तभी अचानक उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह बस से नीचे गिर पड़ा और पीछे के पहिये उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बहराइच जिले के बेहड़ा थाना क्षेत्र स्थित शिवपुर बोही निवासी कोयली पुत्र सियाराम के रूप में हुई है। वह किसी काम से क्षेत्र में आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही आगे बढ़ी, युवक चढ़ने की कोशिश में गिर गया और बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई
चालक हिरासत में, जांच जारी
घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक को तत्काल हिरासत में ले लिया। बस को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा लापरवाही के कारण हुआ या भीड़भाड़ में चढ़ते समय असंतुलन के चलते। CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही धौरहरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बस और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों ने बस स्टॉप और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




