राम मंदिर में ध्वजारोहण से पहले शुरू हुआ पांच दिवसीय विशेष अनुष्ठान,यज्ञ में दी जाएंगी 10 हवन आहुतियां, वैदिक मंत्रोच्चारण से गूंजा परिसर

अयोध्या के राम मंदिर में 25 नवंबर को ध्वजारोहण का आयोजन किया जायेगा। पीएम मोदी राम मंदिर पर ध्वजारोहण करेंगे। ध्वजारोहण से पहले शुक्रवार को राम मंदिर में पांच दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो गया। सुबह सुबह श्रीराम जन्मभूमि परिसर में यज्ञमंडप में बने सभागार में सबसे पहले पंचांग पूजन गणपति पूजन व नवग्रह पूजन के उपरांत यज्ञमंडप प्रवेश, वेदी पूजन व आचार्य वरण का कर्म कांड पूरा किया गया।

इसके बाद वैदिक आचार्यों के द्वारा चतुर्वेदों के अलावा विविध दिव्य ग्रंथों का पारायण शुरू हुआ। मध्याह्न में यज्ञकुंड में अरणि मंथन के द्वारा अग्नि प्रज्वलित कर आहुतियां डालने का क्रम भी शुरू हो गया। इस अनुष्ठान के सभी कर्म कांड वेद मूर्ति आचार्य चंद्र भानु शर्मा व उपाचार्य नासिक महाराष्ट्र के वेद मूर्ति आचार्य रवीन्द्र पैठाढ़े के निर्देशन में वैदिक आचार्यों ने संपादित कराया गया।

यज्ञ में दी जाएंगी 10 हवन आहुतियां

अयोध्या में राम मंदिर में प्रस्तावित ध्वजारोहण कार्यक्रम से पहले पांच दिवसीय विशेष अनुष्ठान की शुरुआत हो गई है। मंदिर परिसर में भक्तों और आचार्यों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आरंभ किया गया।इन पांच दिनों के अनुष्ठान में प्रतिदिन विशेष पूजा, अभिषेक, वैदिक कर्मकांड और यज्ञ संपन्न कराए जाएंगे।यज्ञ के दौरान कुल 10 प्रमुख आहुतियां दी जाएंगी, जिनका उद्देश्य शुभता, समृद्धि और राष्ट्र कल्याण की कामना है।

वहीं रामलला के पूजन के साथ राम दरबार व शेषावतार मंदिर सहित परकोटे के सभी छह मंदिरों मां दुर्गा, मां अन्नपूर्णा, भगवान शिव, गणपति, सूर्यदेव व हनुमान जी के समक्ष भी अलग-अलग पूजन किया गया। इस अनुष्ठान के उपाचार्य नासिक महाराष्ट्र के वेद मूर्ति आचार्य रवीन्द्र पैठाढ़े ने बताया कि ध्वजारोहण का तात्पर्य है कि मंदिर की परिपूर्णता। ध्वज का पूजन वेदोक्त सूक्त से कर विविध औषधियों से स्नान कराया जाएगा। इसके बाद यजमान को आरोहण के लिए ध्वज सौंपा जाएगा।

पंचायतन मंदिर के देवताओं के मंत्रों से भी आहुतियां डाली जाएंगी

वेद मूर्ति आचार्य रवीन्द्र ने बताया कि मंदिर में पंचायतन के अन्तर्गत जितने भी देवी-देवता हैं, उनमें भी दिव्य शक्तियों व दिव्य कलाओं की अभिवृद्धि का भी यह अनुष्ठान है। उन्होंने बताया कि इसीलिए अलग-अलग देवता के वेदोक्त सूक्त का पहले पारायण होगा। पारायण की निर्धारित संख्या पूर्ण होने पर दशांश हवन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुल दस लाख आहुतियां दी जानी है। इनमें राम मंदिर के प्रधान देवता रामलला के मंत्रों से सवा लाख आहुतियां दी जाएंगी।

इसी तरह अलग देवी देवता के मंत्र के साथ आहुतियां दी जाएंगी।पहले दिन के अनुष्ठान के उपरांत मुख्य यजमान व तीर्थ क्षेत्र के न्यासी डा अनिल मिश्र ने बताया कि अग्नि कुंड में अग्नि देव का प्राकट्य हो चुका है और आहुतियों को डालने का भी क्रम शुरू हो गया है। इस कार्यक्रम में यजमान के रूप में नव नियुक्त न्यासी एवं सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी कृष्ण मोहन के अलावा तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपत राय, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव व अन्य मौजूद रहे।

Leave a Comment