गोला विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर गणना प्रपत्र का काम शत-प्रतिशत पूरा हो गया है।एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी ने समीक्षा बैठक में सभी बीएलओ के प्रयासों की प्रशंसा की और समय पर तथा सटीक कार्य पूरा करने पर टीम को धन्यवाद दिया।
एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी ने बैठक कर की समीक्षा
लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में 139 गोला विधानसभा के एसआईआर (स्पेशल इनरोलमेंट रिव्यू) गणना प्रपत्र का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है।इसकी जानकारी उप जिलाधिकारी गोला प्रतीक्षा त्रिपाठी ने तहसीलदार भीमचंद के साथ बैठक में प्रदान की। उन्होंने बताया कि तहसील प्रशासन ने गुरुवार, 4 दिसंबर की रात 8 बजे तक यह लक्ष्य हासिल कर लिया।अगर देखा जाए तो गोला विधानसभा में कुल मिलाकर 4 लाख 3 हजार 722 मतदाता सामिल हैं।
यह जिले में मतदाताओं की संख्या के आधार पर लखीमपुर सदर विधानसभा के बाद दूसरी सबसे बड़ी विधानसभा है। विधानसभा के 411 बूथों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने निर्धारित समय-सीमा से पहले ही शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र भरवाकर जमा करा दिए।कार्य पूर्ण होने के बाद एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी ने अधिकारियों और बीएलओ के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रत्येक चरण की विस्तृत जानकारी ली गई।
बीएलओ की मेहनत और टीमवर्क को सराहना
एसडीएम ने बीएलओ द्वारा किए गए फील्ड कार्य, समय पर प्रपत्र जमा करने और सटीक डेटा उपलब्ध कराने की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मेहनती बीएलओ की वजह से यह कार्य सुगमता से पूरा हुआ।
इसके साथ ही एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी ने बताया कि सभी 411 बूथों पर बीएलओ ने पूरी निष्ठा से कार्य करते हुए गणना प्रपत्र वितरित करने से लेकर फॉर्म भरवाकर जमा कराने तक का लक्ष्य प्राप्त किया। गुरुवार रात 8 बजे तक मतदाताओं के 100 प्रतिशत गणना प्रपत्र का कार्य निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरा कर लिया गया।
आगामी निर्वाचन कार्यों को लेकर दिए निर्देश
सारे गणना प्रपत्र अपलोड होने के बाद अब सभी प्रपत्रों की बारीकी से जांच की जायेगी। एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी ने आगे बताया कि अब बीएलओ और बीएलए की बैठक कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें कार्यवृति, पावती पंजिका और उपस्थिति पंजिका बनाने जैसे कार्य सुचारु रूप से किए जाएंगे।एसडीएम ने निर्देश दिए कि भविष्य में होने वाली निर्वाचन संबंधी गतिविधियों को भी इसी तरह पारदर्शिता और जिम्मेदारी से पूरा किया जाए।
साथ ही डाटा अपडेट और दस्तावेजों की शुद्धता बनाए रखने पर जोर दिया गया।कुछ छूटे हुए मतदाताओं, जैसे जो बाहर गए हैं या जिनका गणना प्रपत्र सत्यापन बाकी है, उनके लिए रोलबैक सुविधा के माध्यम से कार्य पूर्ण किया जाएगा, यदि वे एक-दो दिन में सूचना देते हैं। इससे पहले, शत-प्रतिशत फॉर्म अपलोड करने वाले कई बूथ लेवल अधिकारियों को डीएम खीरी दुर्गा शक्ति नागपाल, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी और तहसीलदार भीमचंद द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।




