Lakhimpur Kheri News: बेहजम में बड़ी चोरी की वारदात, सर्राफा दुकान को बनाया निशाना, लाखों के जेवर ले उड़े चोर

खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र स्थित कस्बा बेहजम में अज्ञात चोरों ने एक सर्राफा व्यापारी की दुकान का शटर काटकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। चोरों ने दो अन्य दुकानों में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

शटर काटकर दिया वारदात को अंजाम

बेहजम कस्बे में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सर्राफा दुकान का शटर काटकर दुकान के अंदर रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह दुकान खुलने पर चोरी की जानकारी हुई।मिली जानकारी के अनुसार यह घटना लखीमपुर रोड पर पुरानी इलाहाबाद बैंक की बिल्डिंग के पास स्थित ऋषभ ज्वैलर्स में हुई।

दुकान का शटर काटकर चोरों ने सोना, चांदी और अन्य आभूषण चुरा लिए। पूर्व प्रधान रवि प्रकाश गुप्ता ने बताया कि लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर चोरों ने हाथ साफ किया है। दुकान मालिक सुबह 5 बजे अपनी बहन को लेने बरेली गया हुआ था, इसलिए चोरी हुए सामान का सटीक अनुमान अभी नहीं लगाया जा सका है।

दो अन्य दुकानों में चोरी की कोशिश नाकाम

चोरों ने इसी दौरान पास की दो अन्य दुकानों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन वहां चोरी करने में असफल रहे। दुकानों के शटर पर काटने के निशान मिले हैं।चोरों ने कस्बे की आलम स्पेयर पार्ट की दुकान से 12 हजार रुपये नकद और चार मोबिल के डिब्बे भी चुराए।

इसके अलावा, उन्होंने गुप्ता किराना स्टोर में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहां वे असफल रहे।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कस्बे के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

सीओ मितौली यदुवेंद्र यादव के साथ एसओ प्रवीर कुमार गौतम और बेहजम चौकी प्रभारी सिद्धांत पंवार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को पीले टेप से घेर दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

यह भी पढ़े 👉👉Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर-भीरा मार्ग पर भीषण हादसा, बस्तौली के पास बाइक टक्कर में तीन युवक घायल

Leave a Comment