पीलीभीत जिले में तीन खालिस्तानी आतंकवादियों के एनकाउंटर के बाद लखीमपुर खीरी जिले में भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस और खुफिया विभाग ने पलिया, तिकुनिया, संपूर्णानगर और मैलानी जैसे इलाकों में अपनी नजरें तेज कर दी हैं। इंडो-नेपाल बॉर्डर पर भी सुरक्षा चेकिंग बढ़ा दी गई है।
बॉर्डर पर कड़ी निगरानी
बॉर्डर पार करने वालों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। सोमवार सुबह पीलीभीत के पूरनपुर इलाके में यूपी और पंजाब पुलिस की एक संयुक्त टीम ने तीन खालिस्तानी आतंकवादियों का एनकाउंटर किया। इस मुठभेड़ में आतंकियों को मार गिराया गया और उनके पास से हथियार बरामद हुए।

खीरी से आतंकियों का कनेक्शन
पीलीभीत का पूरनपुर इलाका लखीमपुर खीरी से सटा हुआ है। इससे पहले भी खीरी जिले का नाम आतंकी गतिविधियों से जुड़ा रहा है। बीते हफ्ते, आतंकी नारायण सिंह चौड़ा का लखीमपुर कनेक्शन सामने आया था। पंजाब पुलिस का दावा है कि चौड़ा ने खीरी में हथियार छिपा रखे हैं, जिन्हें अभी बरामद करना बाकी है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
तीन आतंकियों के मारे जाने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इंडो-नेपाल बॉर्डर पर संदिग्धों की जांच के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जाएगी।
निगरानी और बढ़ेगी
इस घटना के बाद, सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बॉर्डर के रास्ते कोई संदिग्ध व्यक्ति या सामान न गुजर सके।
इससे पहले भी लखीमपुर खीरी का नाम आतंकी गतिविधियों में आ चुका है। ऐसे में सुरक्षा को लेकर खास इंतजाम किए जा रहे हैं।




