लखीमपुर-खीरी, 22 सितंबर: शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही लखीमपुर-खीरी जिले में आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही विभिन्न देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। मां दुर्गा के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मां संकटा देवी मंदिर, बंकटा देवी, शीतला देवी और भुइयां माता मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं।
कलश स्थापना और मां शैलपुत्री की विधिवत पूजा
नवरात्र के पहले दिन भक्तों ने शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना कर मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की। माता के इस रूप को शांतिप्रिय, सरल और स्नेहमयी माना जाता है। उनके पूजन से जीवन में स्थिरता, शांति और शक्ति का संचार होता है।मंदिरों में घंटा-घड़ियाल की गूंज के बीच श्रद्धालु देवी के भजन गाते हुए दर्शन के लिए प्रतीक्षा करते दिखे।
संकटा देवी और चंद्रकला देवी मंदिरों में भी विशेष रौनक देखने को मिली। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिरों में पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं को एक-एक करके मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।
मंदिरों में भक्ति और सांस्कृतिक आयोजन
मंदिरों में सुबह से ही पूजा-पाठ, दुर्गा सप्तशती का पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन हो रहा है। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजधज कर मां के दर्शन को पहुंचीं। युवाओं में भी नवरात्र को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।श्रीमती चंद्र कला आश्रम के महंत आचार्य प्रमोद के अनुसार, कलश स्थापना का मुहूर्त पूरे दिन रहा।
अभिजित मुहूर्त में 11:36 से दोपहर 12:24 तक कलश स्थापना का विशेष समय माना गया। सोमवार से प्रारंभ हो रहे नवरात्र में मां दुर्गा का हाथी पर सवार होकर आगमन सुख, समृद्धि और शांति का प्रतीक माना जा रहा है।
प्रशासन ने की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था
नवरात्र के पहले दिन जिले भर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष रूप से लखीमपुर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों जैसे महामाया मंदिर, काली मंदिर, और श्री दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। महिलाएं लाल साड़ियों में सज-धज कर माता के दर्शन के लिए पहुंचीं।
वहीं युवाओं और बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंदिर परिसरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की गई। साफ-सफाई और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्थाएं भी चुस्त-दुरुस्त रहीं।
यह भी पढ़े 👉👉गोला-लखीमपुर बस किराया 4 रुपए बढ़ा,टोल टैक्स वसूली के विरोध में वैश्य समाज ने सौंपा ज्ञापन, टोल बंद करने की मांग




