लखीमपुर खीरी जिले के हैदराबाद थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न के एक गंभीर मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दहेज की लगातार मांग और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर एक विवाहिता ने आत्महत्या कर ली।पुलिस ने शुक्रवार, 9 जनवरी 2026 को शाहबुद्दीनपुर गांव से पति, देवर और सास को पकड़ा। इन सभी को न्यायिक कार्यवाही के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
विवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न व आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
यह मामला मृतका नीरज के नाना मिश्रीलाल पुत्र मैकू ने 7 जनवरी 2026 को दर्ज कराया था। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया था कि उनकी नातिन नीरज, जो अजय की पत्नी थी, जिसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है जिससे परेशान होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
जांच के दौरान साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजय कुमार (28 वर्ष), अवधेश कुमार उर्फ आशीष (22 वर्ष) पुत्र चुन्नीलाल और रामश्री (46 वर्ष) पत्नी चुन्नीलाल के रूप में हुई है। ये सभी शाहबुद्दीनपुर, थाना हैदराबाद, जिला खीरी के रहने वाले बताये जा रहे हैं।
मामले की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक खीरी संकल्प शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक खीरी के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष सुनील मलिक के नेतृत्व में टीम ने इन गिरफ्तारियों को अंजाम दिया। यह मामला थाना हैदराबाद में मु0अ0सं0 007/2026 धारा 80(2)/85 बीएनएस व ¾ डीपी एक्ट के तहत पंजीकृत किया गया था।




