सावन माह में कांवड़ यात्रा के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं,हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव शंकर’ के नारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके साथ ही इस बार शिवभक्ति से सराबोर कांवड़ियों में आस्था के साथ देशभक्ति का संगम भी देखने को मिल रहा है।
लखीमपुर खीरी के सिंगाही से ऐसी ही तस्वीरें सामने आई हैं, जहां 151 फीट लंबे तिरंगे को लेकर अनोखी कांवड़ यात्रा निकाली गई। इसमें ब्रह्मोस मिसाइल का प्रतिरूप भी आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान कांवड़िये भजनों पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे।
151 फुट लंबा तिरंगा बना आकर्षण का केंद्र
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में इस बार सावन माह की कांवड़ यात्रा कुछ खास रही। यहां भक्तों ने आस्था के साथ देशभक्ति का अद्भुत संगम पेश किया, कांवड़ियों ने 151 फुट लंबे राष्ट्रीय ध्वज को कंधों पर थामे यात्रा निकाली। विशाल तिरंगा हवा में लहराता हुआ शिवभक्ति के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दे रहा था।
ब्रह्मोस मिसाइल’ की झांकी ने बटोरी सुर्खियाँ
एक ट्रॉली पर भारत की ताकत ब्रह्मोस मिसाइल की प्रतिकृति सजाई गई थी। यह झांकी सेना की शक्ति और आत्मनिर्भर भारत की भावना को दर्शाती नजर आई।कांवड़िए ‘हर हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ झूमते हुए निकले। इस यात्रा ने एक तरफ शिवभक्ति का संदेश दिया तो दूसरी तरफ युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को भी जाग्रत किया।
रास्ते भर हुआ स्वागत, बरसे फूल
स्थानीय लोगों ने श्रद्धा भाव से कांवड़ियों का स्वागत किया। जगह-जगह जलपान, फल वितरण और पुष्प वर्षा से वातावरण भक्तिमय बन गया।इस अनोखी झांकी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।इस विशेष कांवड़ यात्रा ने लखीमपुर खीरी जिले को पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया। यात्रा में नई सोच और राष्ट्रप्रेम का सुंदर समावेश देखने को मिला।
यह भी पढ़े 👉👉 Lakhimpur Kheri News: 50 ग्राम पंचायतों में खुलेंगे आधार संशोधन केंद्र, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी सुविधा