लखीमपुर खीरी में गुरुवार को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 100 जोड़ों ने वैवाहिक बंधन में बंधकर नई जिंदगी की शुरुआत की। रामापुर स्थित मंच पर इस कार्यक्रम में प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित तरीके से की गईं।
CDO की पहल से पूरा हुआ लक्ष्य
कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) की सक्रिय भूमिका अहम रही। कुछ जोड़ों की अनुपस्थिति के बाद भी CDO ने त्वरित पहल करते हुए अन्य पात्र लाभार्थियों को मौका दिलाया, जिससे सरकार की योजना का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया। इसमें 11 विकास खंडों से 99 जोड़े और नगर पंचायत धौरहरा से एक जोड़ा शामिल था, जिन्होंने वैवाहिक मंडप में प्रवेश कर विवाह किया।
इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक सजावट और मधुर संगीत का प्रबंध किया गया था। सीडीओ अभिषेक कुमार ने मंच से उतरकर नवविवाहित जोड़ों से मुलाकात की, उनका परिचय पूछा और आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर पीडी एसएन चौरसिया, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह और समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नवदंपतियों को उपहार, शगुन किट और प्रमाण पत्र वितरित किए।
प्रशासन और परिजनों ने दिया आशीर्वाद
समारोह में मौजूद अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की गईं, जिससे माहौल आनंदमय बना रहा।सीडीओ अभिषेक कुमार ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के लिए महत्वपूर्ण सहायता प्रदान कर रही है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक कन्या के बैंक खाते में 60 हजार रुपये की राशि सीधे भेजी जाती है, जिससे उन्हें दांपत्य जीवन की शुरुआत में मदद मिलती है।सीडीओ ने आगे कहा कि यह आयोजन एक ऐसा अवसर है, जहां जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान करते हैं। उन्होंने इस योजना को सामाजिक सहयोग और समर्थन का प्रतीक बताया।
यह भी पढ़े 👉👉Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी मे खेत किनारे मिला अधजला शव, 24 घंटे से लापता युवक की पहचान, हत्या की आशंका




