लखीमपुर खीरी में डिजिटल क्रॉप सर्वे में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पंचायत सहायकों, सफाई कर्मियों और रोजगार सेवकों को सम्मानित किया गया। शासन द्वारा वर्ष 2025 (खरीफ) की फसलों के ई-खसरा पड़ताल/डिजिटल क्रॉप सर्वे में उनकी मेहनत के लिए यह सम्मान दिया गया। इस सर्वे से खेत-खलिहानों की वास्तविक तस्वीर अब डिजिटल नक्शे पर दर्ज हो गई है।
जिले की टीम ने डिजिटल सर्वे में दिखाया बेहतरीन प्रदर्शन
लखीमपुर खीरी जिले को डिजिटल क्रॉप सर्वे में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। यह सम्मान जिले की कृषि टीम, लेखपालों, राजस्व विभाग व अन्य संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। जिले ने सटीक व समयबद्ध डेटा एकत्रित कर प्रदेश में मिसाल पेश की है।
तहसील सदर में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार और अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह मौजूद रहे। डीपीआरओ विशाल सिंह की उपस्थिति में लखीमपुर, बेहजम, नकहा और फूलबेहड़ क्षेत्र के पंचायत सहायक, सफाई कार्मिक और रोजगार सेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने जताया गर्व
जिलाधिकारी ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान जिले के प्रत्येक फील्ड कर्मचारी की मेहनत का परिणाम है। “आपकी मेहनत से खेतों की सच्ची तस्वीर सामने आई है,” उन्होंने कहा। डीएम ने यह भी बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे भविष्य में कृषि योजनाओं की नींव बनेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नागपाल ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे किसानों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कर्मियों की ईमानदारी और तकनीकी दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि लखीमपुर ने टीमवर्क में अपनी श्रेष्ठता साबित की है।पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने सम्मानित कर्मियों को जिम्मेदारी और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
डिजिटल तकनीक से पारदर्शिता और सटीकता में इजाफा
डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से अब फसलों की वास्तविक स्थिति की निगरानी आसान हुई है। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि किसानों को योजनाओं का लाभ भी सही समय पर मिल सकेगा। लखीमपुर खीरी की यह उपलब्धि अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि यह सर्वे भविष्य में फसलों की सटीक योजना बनाने का आधार बनेगा।
सदर तहसील के अलावा गोला, निघासन, मोहम्मदी, पलिया, धौरहरा और मितौली तहसीलों में भी पंचायत सहायकों, सफाई कर्मियों और रोजगार सेवकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने सभी सम्मानित कर्मियों को इसी उत्साह के साथ किसानों के हित में कार्य जारी रखने का संकल्प दिलाया।
यह भी पढ़े 👉👉Lakhimpur Kheri News: दिवाली पर पत्नी के मायके से घर न आने से आहत पति ने खुद को लगाई आग, अस्पताल में भर्ती हालत गंभीर




