Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर-खीरी में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच मे जुटी पुलिस

जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र के बढ़रिया गांव मे एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है।

संदिग्ध हालात में शव की बरामदगी

मृतक की पहचान बढ़रिया गांव निवासी अंजेश शुक्ला उर्फ अनुज शुक्ला के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, युवक गांव के बाहर लगे मोटर के पास रहता था। मोटर से कुछ दूरी पर स्थित एक पेड़ पर उसका शव लटकता देखा गया जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचित किया ।घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके साथ ही बताया यह भी जा रहा है कि मृतक कुछ समय से लापता था और इसी संदर्भ में शव मिलने से मामला और भी गंभीर हो गया है।

परिजनों का आरोप

युवक के परिजन घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताते हुए आरोप लगा रहे हैं कि किसी ने उसकी हत्या की और बाद में शव पेड़ पर लटका दिया। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इसके साथ ही परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में परिजनों द्वारा नीमगांव पुलिस को एक तहरीर दी गई है।

पुलिस कार्रवाई और जांच

नीमगांव पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम और अन्य फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारण का पता लगाया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

इस संबंध में बेहजम पुलिस चौकी प्रभारी सिद्धांत पवार ने बताया कि मामला संदिग्ध है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़े 👉👉Lakhimpur Kheri News: ब्राह्मण समाज ने यूजीसी बिल को बताया अनुचित, प्रशासन को दिया प्रधानमंत्री संबोधित ज्ञापन

Leave a Comment