लखीमपुर खीरी में एक नाबालिग किशोरी की दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज घटना के मुख्य आरोपी आरिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पढ़ुवा थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को दूसरे समुदाय का युवक छोटू उर्फ आसिफ प्रेमजाल में फंसाकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिवार ने बेटी की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कुछ दिनों बाद पता चला कि किशोरी के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई और शव को देहरादून के प्रेमनगर इलाके के कंदौली जंगल में फेंक दिया गया।
किशोरी के पिता का आरोप है कि आरोपी उसकी बेटी का जबरन धर्म परिवर्तन कराना चाहते थे। जब परिवार ने विरोध किया, तो उनकी बेटी को बेरहमी से मार दिया गया। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली है।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
किशोरी 25 जनवरी की शाम करीब पांच बजे घर से लापता हुई थी। परिजनों ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आसिफ समेत 11 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें किशोरी आसिफ के साथ बाइक पर जाती हुई नजर आई। इसके बाद पुलिस ने बिजनौर के नजीबाबाद तक उसकी लोकेशन ट्रेस की और देहरादून पहुंच गई।
जंगल में मिला किशोरी का शव
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कंदौली से पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया। उनकी निशानदेही पर जंगल से किशोरी का शव बरामद हुआ। शव पर चोट के गंभीर निशान थे और कपड़े फटे हुए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मुख्य आरोपी आरिफ मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
मुख्य आरोपी छोटू उर्फ आसिफ को पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वह बैरिया जंगल में भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे घेर लिया, तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे आरोपी के दाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। बृहस्पतिवार सुबह से ही गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कई थानों की पुलिस के साथ-साथ पीएसी बल भी मौके पर मौजूद है। गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है।
परिजनों ने तहरीर बदली, 14 लोग नामजद
किशोरी के पिता ने पहले 11 लोगों के खिलाफ शिकायत दी थी, लेकिन बाद में इसे बदलकर 14 लोगों को नामजद कर दिया। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को प्रेमजाल में फंसाकर जबरन धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया और विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।