लखीमपुर खीरी के पढुवा थाना क्षेत्र के जम्हौरा गौढ़ी गांव में एक विवाहिता के भाई और भांजे पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला किया गया। यह घटना तब हुई जब वे विवाहिता से मारपीट के मामले को समझने उसके ससुराल आए थे। हमले में विवाहिता का भांजा लवकुश यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। भाई रमाकांत यादव को भी चोटें आई हैं।
हमले में गंभीर रूप से घायल भांजा, अस्पताल में भर्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाहिता के ससुराल पक्ष से कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी बीच सोमवार को विवाहिता के परिजन उससे मिलने एवं बातचीत करने के लिए गांव पहुंचे थे। तभी पहले से नाराज़ ससुराल पक्ष के लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। देवर छोटू और ससुर बृजलाल ने उन पर हमला कर दिया।
गांव वालों के बीच-बचाव करने पर हमलावर गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। घायल लवकुश यादव को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमिया बेहड़ ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
विवाहिता के परिजनों के अनुसार
मिली जानकारी के अनुसार जम्हौरा गौढ़ी निवासी रमाकांत यादव की शादी लगभग 8 साल पहले पड़ोसी गांव गजियापुर में हुई थी। दो महीने पहले रमाकांत यादव पास के गांव प्रेम नगर से एक युवती के साथ फरार हो गया था। इसके बाद से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। विवाहिता के देवर द्वारा भी उससे मारपीट की जाती थी।
इसी विवाद को सुलझाने के लिए विवाहिता के परिजन उसके ससुराल गए थे, जहां यह हमला हुआ।पढुआ थाना अध्यक्ष विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि उन्हें इस संबंध में तहरीर मिल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जांच में जुटी, जल्द गिरफ्तारी की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही पढुवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
हमले के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
यह भी पढ़े 👉👉निघासन-सिंगाही मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुआ बड़ा हादसा,एक की मौत चार की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती




